रायगढ़। छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ-सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए IPL फाइनल मैच (GT vs RCB) पर चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का खुलासा किया है। पुलिस ने दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है, जबकि सिंडिकेट से जुड़े तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने की सूचना मिलने पर साइबर थाना और चौकी खरसिया की संयुक्त टीम ने दबिश दी। मौके से गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कई स्थानीय लोगों से नकद राशि लेकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट सट्टा चला रहे थे। इस पूरे नेटवर्क में रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल की संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और तकनीकी उपकरण बरामद किए, जिनमें सट्टा संचालन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। वहीं मुख्य आरोपी साहिल अग्रवाल पुलिस की दबिश के दौरान दो बैग और नोट गिनने की मशीन छोड़कर फरार हो गया। जब्त बैग से 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह संगठित तरीके से सट्टा सिंडिकेट चला रहा था और रकम को अलग-अलग माध्यमों से खपाया जा रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है |





