रायगढ़ | जिले में ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ, सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने IPL मैच के दौरान बॉल टू बॉल ऑनलाइन सट्टा खिलाने और लगाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जो दुष्कर्म और डकैती जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस को रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब किंग्स इलेवन और गुजरात टाइटंस के बीच चल रहे IPL मैच के दौरान कुरकुट नदी पुल के पास ऑनलाइन सट्टा चलाया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर छाल पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी और चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दू को मौके से गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल से क्रिकेट सट्टा से जुड़े डिजिटल लेन-देन, दांव और अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद हुए। इसी दौरान पुलिस ने यह भी पाया कि रूपधर पटेल नामक व्यक्ति ने आरोपी को 1500 रुपये ट्रांसफर कर मैच में दांव लगाया था। इसके बाद पुलिस ने रूपधर पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच में खुलासा हुआ कि चंद्रभूषण डनसेना एक कुख्यात अपराधी है। वर्ष 2023 में उस पर दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद वह जेल गया था। जेल से रिहा होने के बाद उसने रायपुर में डकैती की वारदात को अंजाम दिया और तब से फरार चल रहा था। वह ओडिशा, रायपुर, रायगढ़ और बरभौना में छिपकर ऑनलाइन सट्टा का नेटवर्क संचालित कर रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और नकदी जब्त की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध जुआ, सट्टा या ऑनलाइन बेटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने युवाओं से ऐसे अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है।





