May 19, 2026

रायगढ़ में ओपन परीक्षा केंद्र पर नकल का आरोप, 7 छात्रों को परीक्षा से रोका गया

रायगढ़। जिले के खरसिया स्थित बर्रा ओपन परीक्षा केंद्र में नकल को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में नकल कराने और पर्चियां उपलब्ध कराने के लिए 8 से 12 हजार रुपये तक की मांग की जा रही थी।

आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने पर 7 छात्रों को परीक्षा देने से रोक दिया गया, जिससे केंद्र में विवाद की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

छात्रों ने केंद्राध्यक्ष ज्ञानसागर राठिया, सहायक केंद्राध्यक्ष रामधन राठिया और प्रभारी प्राचार्य रामगोपाल राठिया पर पैसे लेकर नकल कराने के आरोप लगाए हैं। कुछ छात्रों ने यह भी दावा किया कि परीक्षा के दौरान बाहरी लोगों से उत्तर लिखवाने जैसी स्थिति बनी, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि 1 अप्रैल को छात्रों ने इस व्यवस्था का विरोध किया था, जिसके बाद संबंधित छात्रों को परीक्षा लिखने से रोक दिया गया।

इस संबंध में खरसिया के बीईओ लक्ष्मीनारायण पटेल ने बताया कि बर्रा हाई स्कूल में संचालित ओपन परीक्षा में अनियमितता की शिकायत मिली है। उड़नदस्ता टीम पहले भी दो दिन जांच के लिए पहुंच चुकी है और दोबारा परीक्षा के दौरान जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि नकल की पुष्टि होती है तो केंद्राध्यक्ष और संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।