रायगढ़। धरमजयगढ़ कॉलोनी स्थित गुडलक फ्यूल्स पेट्रोल पंप में शुक्रवार को डीजल-पेट्रोल वितरण को लेकर जमकर हंगामा हो गया। डीजल नहीं देने से नाराज लोगों ने पेट्रोल पंप प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया और कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक विवाद की स्थिति बनी रही।
जानकारी के मुताबिक स्थानीय निवासी लीलाम्बर यादव डीजल लेने पेट्रोल पंप पहुंचे थे। आरोप है कि पंप कर्मचारियों ने स्टॉक की कमी का हवाला देते हुए उन्हें डीजल देने से मना कर दिया। वहीं उनके सामने अन्य वाहनों को आसानी से ईंधन दिया जा रहा था। इसे लेकर उन्होंने विरोध जताया और भेदभावपूर्ण व्यवहार का आरोप लगाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंप में नियमों का पालन समान रूप से नहीं किया जा रहा है। एक ओर आम उपभोक्ताओं को डीजल खत्म होने की बात कही जा रही है, जबकि दूसरी ओर चुनिंदा लोगों को ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
घटना के बाद ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंप के CCTV फुटेज की जांच की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि डीजल वितरण व्यवस्था की निगरानी बढ़ाई जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता या पक्षपात पाया जाता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।





