रायगढ़। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा पुलिस ने ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही लगभग 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से दो वाहनों में भारी मात्रा में गांजा भरकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले ले जाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर नाकेबंदी कर जांच शुरू की।
दो लग्जरी वाहनों में छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा, पुलिस ने पकड़ा
रायगढ़। कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की। जांच में इनोवा वाहन पर दो अलग-अलग नंबर प्लेट मिलने से पुलिस का संदेह और गहरा गया।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके से निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य को गिरफ्तार किया गया है।
300 किलो गांजा, दो लग्जरी कार और मोबाइल फोन जब्त
रायगढ़। पुलिस ने दोनों वाहनों से करीब 300 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा इनोवा क्रिस्टा, एक्सएल-6 और पांच मोबाइल फोन (दो आईफोन सहित) भी जब्त किए गए हैं।
कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंकी गई है।
अनूपपुर तक फैले नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
रायगढ़। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा की यह खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में अपने सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फरार आरोपियों और पूरे नेटवर्क की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम को सरगुजा और अनूपपुर रवाना किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे भी बड़ी गिरफ्तारियां संभव हैं।





