July 30, 2026

रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्री और कैंटीन कर्मचारी के बीच मारपीट, हंगामे में छूटी ट्रेन

रायगढ़। रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक यात्री और स्टेशन कैंटीन के कर्मचारी के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। घटना के दौरान प्लेटफॉर्म पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

जानकारी के अनुसार, चारलापाली से दरभंगा जा रही एक्सप्रेस ट्रेन का एक यात्री ट्रेन के रायगढ़ स्टेशन पहुंचने पर पीने का पानी लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरा था। इसी दौरान पानी लेने की बात को लेकर उसकी कैंटीन कर्मचारी से कहासुनी हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद देखते ही देखते बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और अन्य लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए अव्यवस्था का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मारपीट और हंगामे के दौरान संबंधित यात्री अपनी ट्रेन में वापस नहीं चढ़ सका, जिसके चलते उसकी ट्रेन छूट गई। फिलहाल जीआरपी पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर विवाद के कारणों की जांच कर रही है।