July 22, 2026

Raigarh News: सहारा इंडिया ठगी मामले में 3 साल से फरार ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार, 3,848 निवेशकों से ₹40.78 करोड़ की धोखाधड़ी

रायगढ़। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहारा इंडिया निवेश धोखाधड़ी मामले में करीब तीन वर्षों से फरार ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ (54) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 20 जुलाई 2026 को कोतरारोड़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

40 लाख रुपये निवेश कर लौटाए नहीं पैसे

पुलिस के अनुसार, मामले में शिकायतकर्ता विकास निगानिया ने 29 सितंबर 2022 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सहारा इंडिया के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कंपनी की विश्वसनीयता का भरोसा दिलाकर वर्ष 2017 में शिकायतकर्ता, उनकी माता और पत्नी से विभिन्न योजनाओं में करीब 40 लाख रुपये का निवेश कराया, लेकिन परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद भी राशि वापस नहीं की गई।

3,848 निवेशकों से ₹40.78 करोड़ की ठगी

जांच में सामने आया कि सहारा इंडिया समूह के नाम पर निवेशकों से धन जमा कराया गया और विभिन्न सहकारी समितियों के नाम से बॉन्ड जारी किए गए। जिला प्रशासन, बैंकों और निवेशकों से प्राप्त दस्तावेजों की जांच के आधार पर अब तक 3,848 निवेशकों से कुल 40 करोड़ 78 लाख 16 हजार 739 रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।

इस मामले में पुलिस इससे पहले ओम प्रकाश शर्मा, पुष्पेंद्र कुमार साहू, करुणेश अवस्थी, अमृत लाल श्रीवास और रजनीष तिवारी सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश कर चुकी है।

ससुराल पहुंचने पर दबोचा

पुलिस के मुताबिक, विजय कुमार शराफ गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। सूचना मिली कि वह अपने ससुराल कोतरारोड़ आया हुआ है। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त

पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सहारा इंडिया कंपनी के कबीर चौक स्थित फ्रेंचाइजी कार्यालय से जुड़े प्रशासनिक दस्तावेज, एमओयू की प्रतियां, आईडी कार्ड, नियुक्ति संबंधी रिकॉर्ड, बैंक खातों के दस्तावेज, जमीन से जुड़े कागजात तथा कथित धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई कार और मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। नए साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।