रायगढ़, छत्तीसगढ़: शहर के शिवा नगर इलाके में देह व्यापार के मामले का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने केवड़ाबाड़ी एसबीआई मेन ब्रांच के सामने स्थित एक मकान पर दबिश देकर देह व्यापार में लिप्त दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में पता चला कि उक्त मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा था। मौके पर आरोपी राहुल यादव और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार किया गया। रेड के दौरान पुलिस ने नकदी राशि, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की।
इस मामले में थाना कोतवाली में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी शशिमोहन सिंह ने इस कार्रवाई के बाद स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में किसी भी प्रकार के अनैतिक कार्यों को पनपने नहीं दिया जाएगा और पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।





