रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। धर्मजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में जंगल पुटु (जंगली मशरूम) निकालने गए ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुटु निकालने गया था ग्रामीण
यह घटना धर्मजयगढ़ वन मंडल के पीडिया-तुर्रीकटरा मार्ग के बीच हुई। मृतक की पहचान जहाज़ सिंह राठिया (55) निवासी पीडिया गांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को वह पुटु निकालने जंगल गया था। इसी दौरान उसका सामना जंगली हाथी से हो गया।
हाथी ने कुचलकर ले ली जान
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हाथी ने जहाज़ सिंह राठिया को देखते ही हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही गांव में दहशत फैल गई।
वन विभाग ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद वन विभाग और संबंधित प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही ग्रामीणों को जंगल में सतर्क रहने और हाथियों की गतिविधियों वाले क्षेत्रों में अकेले नहीं जाने की सलाह दी गई है।





