May 16, 2026

12वीं हिंदी पेपर लीक पर सियासत तेज, कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

रायपुर में 12वीं बोर्ड के हिंदी पर्चा लीक मामले को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने इस मुद्दे पर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पेपर लीक जैसे मामलों में भाजपा नेताओं की कथित सांठगांठ सामने आ रही है।

मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि हिंदी पर्चा लीक हुए करीब एक माह का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होना संदेह पैदा करता है और इसके पीछे राजनीतिक संरक्षण हो सकता है।

विकास उपाध्याय ने कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश जैसे भाजपा शासित राज्यों में भी पेपर लीक के मामले सामने आते रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि इस तरह की घटनाओं में संगठित स्तर पर गड़बड़ी हो रही है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा उन्होंने स्वामी आत्मानंद स्कूलों की व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उनका कहना है कि कांग्रेस सरकार के समय छात्रों को ड्रेस सहित कई सुविधाएं मुफ्त दी जाती थीं, लेकिन वर्तमान में शिक्षकों को समय पर भुगतान नहीं हो रहा और बजट की कमी के कारण व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नर्सरी और पीपी-1 जैसी कक्षाओं को बंद किया जा रहा है, जिससे फ्री एजुकेशन की अवधारणा कमजोर हो रही है।

आयुष्मान योजना के तहत निजी अस्पतालों द्वारा इलाज नहीं किए जाने के मुद्दे पर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि अस्पतालों को समय पर भुगतान नहीं मिलेगा तो वे योजना के तहत सेवाएं देने में असमर्थ हो जाएंगे, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा।

साथ ही, सांसद संतोष पांडेय द्वारा दिए गए एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यदि राज्य में नक्सलवाद समाप्त हो चुका है, तो जनप्रतिनिधियों को उच्च सुरक्षा क्यों दी जा रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप भी लगाया।