रायपुर के अभनपुर क्षेत्र में भाजपा के प्रशिक्षण शिविर के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब विधायक इंद्र कुमार साहू के एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया।
चंपारण मंडल के भिलाई गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे कहते नजर आ रहे हैं कि “जो लोग पार्टी में गद्दारी करते हैं, वे प्रवक्ता बनकर जाते हैं।”
इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। कई कार्यकर्ता अपनी जगह से उठ गए और विधायक से तीखी बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई।
हालांकि, कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाल लिया और माहौल को शांत कराया।
बताया जा रहा है कि विधायक ने अपने संबोधन में संगठन में अनुशासन और निष्ठा पर जोर दिया था, लेकिन उनकी यह टिप्पणी कार्यकर्ताओं को नागवार गुजरी।
वहीं विधायक के समर्थकों का कहना है कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और इसका गलत अर्थ निकाला जा रहा है।
फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।





