May 19, 2026

मुरूम खदान में दफन शव का खुलासा, महिला समेत 5 आरोपी गिरफ्तार; एक फरार

रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र में मुरूम खदान में दफन अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में मृतक की पहचान कर महिला सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम भरेंगाभाठा से नवागांव मार्ग के किनारे गड्ढे में दफन शव मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि मृतक की गर्दन पर गंभीर चोट लगी थी और उसे अधमरी हालत में ही दफन कर दिया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई।

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध के रूप में श्याम सुंदर सोनी निवासी बोरियाकला की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू और दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि श्याम सुंदर सोनी और सावित्री साहू के बीच प्रेम संबंध था। 16 मार्च की रात श्याम सुंदर सोनी सावित्री के घर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद नितेश बत्रा को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर नितेश बत्रा को ऑटो में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए।

वहां सभी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और गमछे से गला घोंटकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसे मरा हुआ समझकर परसुलीडीह और भरेंगाभाठा के बीच मुरूम खदान में दफना दिया और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी, ऑटो और अन्य सामान जब्त कर लिया है। मामले में संबंधित धाराएं जोड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घटना में शामिल एक अन्य आरोपी माईकल सैनी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।