March 4, 2026

अभनपुर के टेकारी में मृतक को जिंदा दिखाकर जमीन रजिस्ट्री, तहसीलदार के आदेश पर उठे सवाल

राजधानी रायपुर के अभनपुर तहसील अंतर्गत टेकारी गांव में मृत व्यक्ति की जगह दूसरे व्यक्ति को प्रस्तुत कर जमीन की रजिस्ट्री कराने का मामला सामने आया है। पूरे प्रकरण ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, टेकारी की जमीन को अपने नाम दर्ज कराने के लिए मृतक के परिजनों ने आवेदन दिया था। तत्कालीन तहसीलदार सत्येन्द्र शुक्ला ने दो बार यह कहते हुए आवेदन निरस्त कर दिया कि वसीयत प्राप्तकर्ता की मृत्यु हो चुकी है, इसलिए प्रकरण खारिज किया जाता है।

इसके बावजूद वर्तमान तहसीलदार सृजन सोनकर ने आवेदन स्वीकार करते हुए जमीन को आवेदकों के नाम चढ़ाने का आदेश पारित कर दिया। जबकि ऑनलाइन रिकॉर्ड में संबंधित खसरा की पूर्व स्थिति स्पष्ट रूप से दर्ज थी। पटवारी रिकॉर्ड में यह भी उल्लेख था कि जमीन ऑनलाइन और ऑफलाइन रिकॉर्ड में अलग-अलग नामों पर दर्ज है।

क्या है पूरा घटनाक्रम
टेकारी की लगभग एक एकड़ जमीन (खसरा नंबर 223/1 और 645/1) पहले से बोधनी वर्मा और शारदा वर्मा के नाम दर्ज थी। शारदा वर्मा का निधन 23 अप्रैल 2021 को हो चुका है।

दस्तावेजों के अनुसार, इसी जमीन की 24 जून 2025 को अन्नू तारक के नाम रजिस्ट्री की गई। यानी जिस व्यक्ति की 2021 में मृत्यु हो चुकी थी, उसे जीवित दर्शाकर 2025 में रजिस्ट्री कर दी गई।

रिकॉर्ड के मुताबिक, अन्नू तारक ने दो सप्ताह बाद 3 जुलाई 2025 को उक्त जमीन कौशल और कपिल तरवानी को बेच दी।

बताया गया है कि शारदा वर्मा ने वर्ष 2018-19 में अपने पुत्र गुलाब वर्मा के नाम वसीयत लिखी थी। गुलाब वर्मा का भी 24 फरवरी 2024 को निधन हो चुका है। धारा 105 (वसीयत संबंधी प्रावधान) के अनुसार, यदि वसीयत प्राप्तकर्ता वसीयतकर्ता का उत्तरजीवी नहीं है तो वसीयत प्रभावी नहीं होती, और वसीयत में किसी अन्य व्यक्ति को अधिकार देने का उल्लेख भी नहीं था।

इसके बावजूद तहसीलदार ने 20 नवंबर 2025 को मृतक के वंशजों के नाम जमीन दर्ज करने का आदेश पारित कर दिया।

रिकॉर्ड में विरोधाभास
वर्तमान स्थिति में ऑनलाइन रिकॉर्ड में जमीन कौशल और कपिल तरवानी के नाम दर्ज है, जबकि मैनुअल रिकॉर्ड में अब भी वर्मा परिवार का नाम दर्ज बताया जा रहा है।

मामला सामने आने के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और पूरे प्रकरण की जांच की मांग उठने लगी है।