रायपुर: राजधानी रायपुर में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और पेमेंट गेट-वे पैनल संचालित करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ। कार्रवाई में रायपुर से 2 और गोवा से 5 आरोपियों सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मुक्तिधाम के पास हुई गिरफ्तारी: 25 फरवरी 2026 को मिली सूचना के बाद न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास एक चारपहिया वाहन से प्रतीक कुमार वीधवानी और सैंकी देवड़ा को पकड़ा गया। जांच में उनके मोबाइल फोन से 23exch9.com, allpenalexch.com और 99.com जैसी बेटिंग साइट्स के मास्टर आईडी का पता चला। गोवा में रेड कर 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
431 बैंक खातों और क्रिप्टो लेन-देन: गिरोह 431 म्यूल बैंक खातों के माध्यम से सट्टा राशि जमा और निकासी कर रहा था। लेन-देन व्हाट्सएप ग्रुप्स “जयदेव ग्रुप” और “जेएमके ग्रुप” से संचालित हो रहा था। आरोपी क्रिप्टो करेंसी/यूएसडीटी के जरिए अंतरराष्ट्रीय पैनल संचालकों को 46,500 USDT (लगभग 42 लाख रुपये) ट्रांसफर कर चुके हैं।
जब्त सामग्री और मशरूका:
- 5 लैपटॉप, 1 टैब, 58 मोबाइल/आईफोन, 12 एटीएम कार्ड
- 3 राउटर, 4 पासबुक, नगद 24,600 रुपये
- 1 बलेनो कार
- कुल मशरूका: 22,14,600 रुपये
कानूनी कार्रवाई: आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 112 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की भी पहचान की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी: प्रतीक कुमार वीधवानी, सैंकी देवड़ा, धनंजय वैष्णव, साकेत जगवानी, प्रमोद कुमार ओरके, प्रकाश चंद्र मिरी और शंकर कुमार राम।
पिछले रिकॉर्ड: वर्ष 2026 में ACCU द्वारा ऑनलाइन सट्टे के 5 प्रकरणों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 2.14 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा और पेमेंट गेट-वे नेटवर्क के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।





