March 3, 2026

अग्रवाल समाज ने मुख्यमंत्री से की भेंट, गौरीशंकर अग्रवाल को राज्यसभा प्रत्याशी बनाने का अनुरोध

अग्रवाल समाज ने मुख्यमंत्री से की भेंट, गौरीशंकर अग्रवाल को राज्यसभा प्रत्याशी बनाने का अनुरोध

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में अग्रवाल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीट के लिए समाज के वरिष्ठ नेता गौरीशंकर अग्रवाल को भारतीय जनता पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनाए जाने का अनुरोध करना था।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि गौरीशंकर अग्रवाल भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वे कसडोल विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक तथा छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। प्रतिनिधियों ने बताया कि वे पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता होने के साथ राज्य के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि अग्रवाल समाज राज्य की एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं आर्थिक शक्ति है। यदि गौरीशंकर अग्रवाल को राज्यसभा भेजा जाता है, तो वे समाज की आवाज को मजबूती से उठाने के साथ जातीय समरसता और समावेशी विकास को बढ़ावा देंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गए पैनल में उनके नाम को प्राथमिकता दी जाए। उनका कहना था कि इससे समाज के विभिन्न वर्गों में उत्साह और विश्वास का वातावरण बनेगा तथा भाजपा की संगठनात्मक स्थिति और सुदृढ़ होगी।

मुलाकात में डॉ. अशोक अग्रवाल, दीनदयाल गोयल, सत्यनारायण सिंघानिया, संजय जैन, डॉ. मोहनलाल अग्रवाल, डॉ. अनीता अग्रवाल, राधेश्याम बंका, हरिकेश पालीवाल, रघुवीर प्रसाद अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, अमित पालीवाल, पुरुषोत्तम सिंघानिया, शिव सिंघानिया एवं गोविंद अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए समाज की भावनाओं का सम्मान किया और उचित विचार-विमर्श का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि नाम पैनल में अग्रेषित किया जा चुका है, अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान द्वारा लिया जाएगा।

अग्रवाल समाज की ओर से दीनदयाल गोयल ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई।