May 15, 2026

रायपुर में अग्निवीर भर्ती की फ्री कोचिंग, 4 मई से शुरू होगा प्रशिक्षण

रायपुर। अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर द्वारा अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम 4 मई 2026 से शुरू होकर 4 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।

दरअसल, अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक पूरी की गई थी। इस भर्ती में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर देने के उद्देश्य से यह कोचिंग कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।

प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए इच्छुक उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी रोजगार विभाग के आधिकारिक पोर्टल erojgar.cg.gov.in या मोबाइल पर उपलब्ध Chhattisgarh Rojgar App के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

जिला रोजगार कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उपलब्ध संसाधनों के आधार पर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को लाभ पहुंचाना है, ताकि वे लिखित परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

यदि किसी अभ्यर्थी को आवेदन या प्रशिक्षण से संबंधित किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे सीधे रोजगार कार्यालय रायपुर में संपर्क कर सकते हैं।