रायपुर। अग्र सेवा सोसायटी की उप-समिति अग्र सेवा गौशाला (निर्माणाधीन), ग्राम तर्रा में आयोजित आम सभा एजेंडा अनुसार सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के पदाधिकारियों एवं गौशाला निर्माण में सहयोग देने वाले दानदाताओं के करकमलों से दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

बैठक में गौशाला के समग्र विकास, गोकुल नगर व गोठान संचालन, तथा अग्र सेवा सोसायटी की जनसेवाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान गौशाला परिसर में सोलर सिस्टम के अधिकतम उपयोग और डायलिसिस मरीजों के लिए सेवा केंद्र शुरू करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए “बुजुर्गों के नाम एक पेड़” प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके तहत सदस्य अपने पूर्वजों के नाम पर कम से कम दो पौधे गौशाला परिसर में लगाएंगे। साथ ही पक्षियों के संरक्षण के उद्देश्य से “बर्ड्स टावर” निर्माण की जानकारी भी साझा की गई, जिसमें पक्षियों के लिए सुरक्षित आश्रय और दाना-पानी की व्यवस्था होगी।

कार्यक्रम के दौरान पूर्ण रूप से तैयार शेड क्रमांक-1 का उद्घाटन अशोक अग्रवाल (नंदन स्टील) द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इसके बाद नव-निर्मित शेड में 51 गौमाताओं का विधिवत प्रवेश कराया गया। उपस्थित सदस्यों ने पूजा-अर्चना कर गौसेवा की और चारा, गुड़ व रोटियां खिलाईं।

इसी क्रम में चारागृह गोदाम का उद्घाटन सुरेश गोयल खेदड़िया द्वारा किया गया। संस्था अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल ने बताया कि भविष्य में गौशाला को आधुनिक सुविधाओं से युक्त कर असहाय व वृद्ध गौमाताओं के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, दानदाता एवं बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहे।





