रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण और विशेष अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का पुनर्गठन किया गया है। इस संबंध में पुलिस कमिश्नर रायपुर ने लिखित आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार ANTF की 11 सदस्यीय नई टीम का गठन किया गया है। टीम का नेतृत्व टीआई सुनील दास करेंगे। इसमें एक उप निरीक्षक (SI), दो हवलदार और सात आरक्षकों को शामिल किया गया है।
पुलिस विभाग के मुताबिक, यह विशेष टीम नशे के कारोबार, अवैध गतिविधियों और संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए काम करेगी। टीम को अलग-अलग क्षेत्रों में निगरानी, सूचना संकलन और त्वरित कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कमिश्नर कार्यालय से आदेश जारी होने के बाद पुलिस महकमे में नई टीम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ANTF द्वारा नशे के खिलाफ बड़े अभियान चलाए जा सकते हैं।





