रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास रविवार देर रात युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घनी आबादी वाले इलाके में हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया। दो अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर युवक को मौत के घाट उतार दिया।
मस्जिद के पास देर रात खूनी वारदात
जानकारी के मुताबिक, घटना अश्वनी नगर इलाके में गौसिया मस्जिद के पास रात करीब 11 बजे की है। बताया जा रहा है कि आरोपियों और युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद दो हमलावरों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
जान बचाने के लिए युवक ने एक्टिवा से भागने का प्रयास किया, लेकिन स्कूटी नाली में फंस गई। युवक सड़क पर गिर गया, जिसके बाद पीछा कर रहे बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मृतक की पहचान डंगनिया निवासी 22 वर्षीय अहमद खान के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान युवक को एम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
हत्या मामले में 4 नाबालिग हिरासत में
पुलिस ने हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली है। वारदात के बाद आरोपियों के ट्रेन से भागने की फिराक में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद आरपीएफ के समन्वय से कार्रवाई करते हुए हत्या मामले के तीन नाबालिगों को बिलासपुर और एक नाबालिग को रायपुर से हिरासत में लिया गया है।
फिलहाल पुलिस सभी नाबालिगों से पूछताछ कर रही है।
आपसी रंजिश बनी हत्या की वजह
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आपसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि हत्या में शामिल एक नाबालिग कुछ दिन पहले ही लूट के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से छूटकर बाहर आया था।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।





