रायपुर। राजधानी रायपुर में बैंकिंग फर्जीवाड़े का एक गंभीर मामला सामने आया है। देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक शाखा के डिप्टी मैनेजर पर ग्राहक की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को कथित तौर पर बिना जानकारी और सहमति के तुड़वाकर करीब 14.97 लाख रुपये की रकम हेराफेरी करने का आरोप लगा है। मामले में गंज थाना पुलिस ने बैंक के डिप्टी मैनेजर समेत दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म से बदला मोबाइल नंबर
मामला देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक शाखा का है, जहां सुषमा कुमार का बैंक खाता है। शिकायत के मुताबिक, बैंक के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह ने कथित तौर पर फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म तैयार कर ग्राहक के खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदल दिया।
इसके बाद खाते में जमा 14.40 लाख रुपये से अधिक की FD को समय से पहले बंद कर दिया गया। FD की रकम बचत खाते में जमा होने के बाद खाते में पहले से मौजूद राशि को मिलाकर करीब 14.97 लाख रुपये गुढ़ियारी स्थित एक निजी फर्म के खाते में ट्रांसफर किए जाने का आरोप है।
निजी फर्म के खाते में भेजी गई रकम
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि रकम इंडियन सेल्स नाम की फर्म के खाते में ट्रांसफर की गई थी। इस फर्म का संचालन योगेश येडे द्वारा किया जाता है। आरोप है कि खाते में रकम आने के बाद चेक और ATM के माध्यम से राशि निकाल ली गई।
7 अगस्त को हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा
मामले का खुलासा तब हुआ जब 7 अगस्त को सुषमा कुमार बैंक पहुंचीं और अपने खाते की जानकारी ली। खाते में अनियमितता सामने आने के बाद उन्होंने बैंक प्रबंधन से इसकी शिकायत की।
इसके बाद बैंक स्तर पर मामले की आंतरिक जांच की गई। जांच में कथित फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद बैंक मैनेजर रितेंद्र रामटेके ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
दो आरोपियों के खिलाफ FIR
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बैंक के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह और इंडियन सेल्स के संचालक योगेश येडे के खिलाफ FIR दर्ज की है।
फिलहाल पुलिस बैंक के रिकॉर्ड, कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म, FD से जुड़े दस्तावेज, चेक और ATM ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित फर्जीवाड़े में दोनों आरोपियों के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं।





