May 15, 2026

रायपुर में सोमनाथ शिवलिंग अंश का विधि-विधान से पूजन, 27 अप्रैल को बलौदा बाजार पहुंचेगा पवित्र ज्योतिर्लिंग अंश

रायपुर/बलौदा बाजार। राजधानी रायपुर के विमतारा हॉल में रोटरी क्लब ऑफ रायपुर सुप्रीम द्वारा आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से सोमनाथ से आए पवित्र ज्योतिर्लिंग अंश का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पंडितों के मार्गदर्शन में भगवान शिव की पूजा कर संकल्प लिया गया। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भक्तिमय रहा और श्रद्धालुओं ने गहरी आध्यात्मिक अनुभूति महसूस की।

रोटरी क्लब ऑफ रायपुर सुप्रीम के अध्यक्ष एस.के. श्रीवास्तव और सचिव सुनील अग्रवाल ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें इस पावन आयोजन का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी क्लब ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।

इधर, बलौदा बाजार में भी सोमनाथ मंदिर के शिवलिंग अंश के आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यह पवित्र शिवलिंग अंश 27 अप्रैल को बलौदा बाजार पहुंचेगा और दशहरा मैदान स्थित यज्ञस्थली में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा जाएगा।

आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़े आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन को लेकर शिवभक्तों में भारी उत्साह है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए स्थानीय स्तर पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

आर्ट ऑफ लिविंग की जिला समन्वयक किरण वर्मा ने बताया कि सोमनाथ मंदिर पर ऐतिहासिक आक्रमणों के दौरान शिवलिंग के अंश को सुरक्षित रखा गया था और उसकी पूजा-अर्चना निरंतर की जाती रही। बाद में यह पवित्र धरोहर गुरुदेव श्री श्री रविशंकर को प्राप्त हुई, जिसे लोककल्याण के लिए भक्तों के दर्शन हेतु विभिन्न स्थानों पर ले जाया जा रहा है।

27 अप्रैल को बलौदा बाजार में इसका आगमन क्षेत्र के लिए अत्यंत शुभ माना जा रहा है। आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि इससे धार्मिक आस्था के साथ-साथ संस्कृति के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।