रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित कटोरा तालाब इलाके में देर रात एक ब्यूटी पार्लर और स्पा सेंटर में मसाज करने से मना करने पर बदमाशों ने हवाई फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी की रात करीब 10 बजे दो अज्ञात युवक दुकान बंद होने के बाद भी स्पा सेवा लेने की जिद करने लगे। संचालिका ने यह कहकर मना किया कि दुकान बंद हो चुकी है और स्टाफ घर जा चुका है। आरोपियों ने शराब के नशे में बहस करते हुए एक ने लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी।
घटना की सूचना अगले दिन दोपहर में पुलिस को मिली। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को महज 2 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और एक एयर गन बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार पाण्डेय (46 वर्ष) निवासी शेखपुर, प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश), जो प्राइवेट पीएसओ हैं, और अंगद सिंह (33 वर्ष) निवासी आदर्श नगर मोवा, रायपुर, जो ड्राइवर हैं, के रूप में हुई। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि राजधानी में कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।





