रायपुर। क्रिकेट सट्टे के कथित मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के ठिकानों पर शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। गंज पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव में उसके घर पर छापा मारकर करोड़ों की संपत्ति और महंगी कारों का खुलासा किया।
सर्च वारंट के साथ पहुंची पुलिस की 10 टीमों ने घर की तलाशी ली, जहां बाबू और उसके भाई करण की पत्नियों के साथ उसकी मां मौजूद मिलीं। जांच में मारुति एनक्लेव के मकान के अलावा रविभवन में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा मेन रोड पर करीब एक एकड़ जमीन का पता चला है।
पुलिस को बीएमडब्ल्यू, क्रेटा समेत पांच लग्जरी कारें भी मिली हैं। इसके साथ ही बाबू, उसके भाई करण और पिता के बैंक खातों की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन के लिए 50 से अधिक फर्जी आईडी बनाई थीं और कई म्यूल खातों का उपयोग किया जा रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि बाबू पहले महादेव बुक ऐप से जुड़ा था, बाद में उसने खुद का सट्टा नेटवर्क खड़ा कर लिया। सोशल मीडिया पर खुद को इन्फ्लुएंसर बताने वाला बाबू इंस्टाग्राम सहित अन्य प्लेटफॉर्म पर वीडियो बनाता था, जिनमें कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी पाई गई है।
इस मामले में बाबू खेमानी और उसके भाई करण से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को संदेह है कि यह नेटवर्क शहर और बाहर तक फैला हुआ है। कबीर नगर में पूर्व में हुई कार्रवाई के दौरान भी इस रैकेट के लिंक सामने आए थे, जिसमें उसका चचेरा भाई ओम खेमानी पकड़ा गया था।
पुलिस अब पूरे सट्टा नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।





