March 4, 2026

रायपुर में 28 फरवरी को “भजन क्लबिंग”: युवा अनुभव करेंगे भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम

रायपुर: भक्ति अब युवाओं की नई पहचान बनकर एक नई ऊर्जा के साथ सामने आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात में “भजन क्लबिंग” और भक्ति से जुड़े नवाचारों की सराहना करते हुए कहा था कि जब युवा भक्ति को अपनी ऊर्जा और आधुनिक अभिव्यक्ति के साथ अपनाते हैं, तो यह संस्कृति और आधुनिकता का अद्भुत संगम बन जाती है। इसी प्रेरणा से राजधानी रायपुर में युवाओं के लिए एक अनूठा और ऐतिहासिक आध्यात्मिक-संगीत अनुभव “भजन क्लबिंग” के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

इस भव्य आयोजन के पोस्टर का विमोचन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। इस अवसर पर आशुतोष दुबे, अतुल श्रीवास्तव एवं आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को भारतीय संस्कृति, भक्ति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सामाजिक चेतना मंच के तत्वावधान में यह आयोजन 28 फरवरी 2026 को रायपुर इंडोर स्टेडियम में शाम 6 बजे आयोजित होगा। इस आयोजन को छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग एवं जनसंपर्क विभाग के साथ ISKCON (इस्कॉन) का विशेष सहयोग प्राप्त है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण Madhavas Rock Band होगा, जो अपनी ऊर्जावान रॉक और फ्यूजन शैली में भक्ति संगीत प्रस्तुत कर युवाओं को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ेंगे।

इस अवसर पर इस्कॉन की प्रतिष्ठित कीर्तन मंडलियाँ भी अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे वातावरण को कृष्ण भक्ति से सराबोर करेंगी और युवाओं को सामूहिक संकीर्तन की दिव्य अनुभूति प्रदान करेंगी। यह आयोजन भौतिक नशे से मुक्त होगा और भक्ति, संगीत और सकारात्मक ऊर्जा का उत्सव बनेगा। युवा भक्ति की धुन पर गायन, नृत्य और उत्सव के माध्यम से एक दिव्य और सकारात्मक अनुभव प्राप्त करेंगे। इस विशेष अवसर पर फूलों की होली भी खेली जाएगी, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी और पूरे वातावरण को भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना देगी।

आयोजन के प्रमुख विशेषताओं में Madhavas Rock Band की लाइव भक्ति रॉक एवं फ्यूज़न प्रस्तुति, ISKCON कीर्तन मंडलियों द्वारा संकीर्तन, पारंपरिक भजनों का आधुनिक स्वरूप, फूलों की होली और युवाओं, कलाकारों एवं भजन मंडलियों की व्यापक सहभागिता शामिल है। आयोजक उज्ज्वल दीपक ने कहा कि भजन क्लबिंग युवाओं को भक्ति से जोड़ने का अभिनव प्रयास है और इसका उद्देश्य युवाओं को आधुनिक अंदाज में भक्ति का अनुभव कराना और उनकी सांस्कृतिक जड़ों से गर्व से जोड़ना है।

सामाजिक चेतना मंच ने प्रदेश के युवाओं, परिवारों और भक्ति-संगीत प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य और दिव्य आयोजन का हिस्सा बनें और भक्ति की इस नई ऊर्जा का अनुभव करें।