रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव ओवरब्रिज के पास मंगलवार देर रात पानी की मुख्य पाइपलाइन फट गई, जिससे सड़क पर हजारों लीटर पानी बह गया। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण मुख्य मार्ग और आसपास की कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई। घटना के बाद देर रात तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
जानकारी के अनुसार फटी हुई पाइपलाइन शहर की विभिन्न पानी टंकियों तक जलापूर्ति पहुंचाने वाली प्रमुख लाइन है। इसके क्षतिग्रस्त होने से कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने जल्द से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।
पाइपलाइन फूटने के बाद सड़क पर पानी का तेज बहाव शुरू हो गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन भी प्रभावित हुआ।
बताया जा रहा है कि वेदही अस्पताल के आसपास की गली में भी जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे स्थानीय रहवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद देर रात तक नगर निगम की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिसके कारण समस्या और बढ़ गई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत नहीं की गई तो पानी की बर्बादी के साथ-साथ कई क्षेत्रों में पेयजल संकट भी गहरा सकता है। फिलहाल लोग निगम की कार्रवाई और मरम्मत कार्य शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।





