September 4, 2026

भूपेश बघेल के बयान पर गरमाई सियासत, डिप्टी CM अरुण साव बोले- लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है भाषा

रायपुर। हरेली तिहार के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रधानमंत्री को लेकर की गई टिप्पणी के बाद छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोलते हुए उनके बयान को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया है। साव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं है और बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

भूपेश बघेल के बयान पर अरुण साव का पलटवार

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भूपेश बघेल का दोहरा चरित्र सामने आ रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए झारखंड में कांग्रेस गठबंधन सरकार के दौरान छात्रों के साथ कथित बर्बरता का मुद्दा उठाया।

साव ने सवाल किया कि जब छात्रों की राह में फूल बिछाए जाने चाहिए, तब उनके लिए कांटे बिछाए जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस और भूपेश बघेल इस मुद्दे पर क्यों नहीं बोल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में भ्रम और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है।

क्या कहा था भूपेश बघेल ने?

दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बंगले पर हरेली तिहार का आयोजन किया गया था। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर चल रहे ‘56 इंच का छोटा बंदर, बाल नरेंद्र’ वाले पोस्ट का जिक्र किया।

बघेल ने कहा था कि जो काम वे लोग नहीं कर पाए, वह बच्चों ने कर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री की 56 इंच सीने वाली छवि को लेकर भी टिप्पणी की थी। उनके इस बयान के बाद भाजपा नेताओं ने विरोध जताया और सियासी बयानबाजी तेज हो गई।

ED कार्रवाई को लेकर कांग्रेस पर हमला

ED की कार्रवाई के विरोध को लेकर भी अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि ED की जांच में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक का भ्रष्टाचार सामने आया है।

साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जिस मजबूती के साथ इस मामले का विरोध कर रही है, उससे स्पष्ट होता है कि पार्टी घोटाले के आरोपियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कांग्रेस की ओर से दी जा रही कथित धमकियों को लेकर भी निशाना साधा।

स्काईवॉक के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा

रायपुर के अधूरे स्काईवॉक के काम को आगे बढ़ाने की तैयारी को लेकर अरुण साव ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्काईवॉक की मौजूदा स्थिति के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है और पिछली सरकार ने पांच साल तक इस काम को अटकाए रखा।

साव ने कहा कि इस परियोजना में सरकार के खजाने की बड़ी राशि खर्च हो चुकी है। पुराना और बंद पड़ा काम होने के कारण इसे पूरा करने में समय लग रहा है, लेकिन सरकार स्काईवॉक को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

निर्दोष आदिवासियों की रिहाई के मामलों की समीक्षा

नक्सलवाद के खात्मे के बाद निर्दोष आदिवासियों की रिहाई की कांग्रेस की मांग पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संबंधित मामलों की समीक्षा कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादा किया है, उसे पूरा किया जाएगा। संबंधित मामलों की जांच की जा रही है और जल्द ही सरकार इस पर आवश्यक निर्णय लेगी।

सड़क और भवन निर्माण को लेकर सरकार की तैयारी

लोक निर्माण विभाग के सड़क और भवन निर्माण कार्यों को लेकर अरुण साव ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समय पर और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराना है।

उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सभी जरूरी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। बारिश समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण, मरम्मत और भवन निर्माण के कार्यों में तेजी लाई जाएगी।

साव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग पूरी क्षमता के साथ काम कर रहा है और पिछले ढाई वर्षों में राज्य में सड़क विकास के लिए लगातार काम किया गया है। आने वाले समय में निर्माण और मरम्मत कार्यों को और गति देने की तैयारी है।