रायपुर: राजधानी के उरला थाना क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप में अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने पेट्रोल डालते समय अपने दोपहिया वाहन में आग लगा दी। हालांकि पेट्रोल पंप के कर्मचारियों की सतर्कता के कारण आग फैलने से बड़ी दुर्घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, युवक पेट्रोल पंप पर दोपहिया वाहन में ईंधन भरवाने आया था। इसी दौरान वहां सिगरेट पी रहे युवक को दूर जाने के लिए कहा गया, तो उसने गुस्से में आकर वाहन में पेट्रोल डालते समय आग लगा दी। आग लगते ही मौके पर हड़कंप मच गया और वहां मौजूद लोग घबरा गए।
पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया। यदि आग फैल जाती तो आसपास खड़े अन्य वाहन और पंप को गंभीर नुकसान हो सकता था। घटना पूरी तरह पेट्रोल पंप में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।





