रायपुर। राजधानी में रविवार देर रात ‘बिस्मिल की महफिल’ कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सड़क पर जमकर हंगामा हो गया। कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलते समय दो कारों की टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी धक्का-मुक्की में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद युवकों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में बवाल में बदल गई। सड़क पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को नियंत्रित करने के लिए डीसीपी और अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
पुलिस ने पहले समझाइश दी, लेकिन जब युवक नहीं माने तो स्थिति काबू में करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद हंगामा कर रहे कई युवकों को हिरासत में लिया गया, जबकि कुछ मौके से फरार हो गए।
हिरासत में लिए गए युवकों को तेलीबांधा थाना ले जाया गया, जहां भी उन्होंने नारेबाजी और विरोध किया। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।
पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क पर हुए विवाद और पुलिस कार्रवाई के दृश्य देखे जा सकते हैं।





