May 19, 2026

भाजपा स्थापना दिवस पर CM साय का संबोधन, अटल को किया नमन, अमित जोगी मामले पर बोले– देर आए, दुरुस्त आए

रायपुर में भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में ध्वजारोहण किया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा की विचारधारा और संगठन की ताकत ही उसे लगातार आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद छत्तीसगढ़ पर हमेशा बना रहे। उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने जिस सोच और दृष्टि के साथ छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था, उनकी सरकार उसी दिशा में काम करते हुए उनके सपनों को साकार करने का प्रयास कर रही है।

पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने अमित जोगी को आजीवन कारावास की सजा पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा, “देर आए, दुरुस्त आए।” उन्होंने कहा कि इस मामले में अमित जोगी मुख्य आरोपी रहे हैं और न्यायालय का निर्णय उचित है।

वहीं पश्चिम बंगाल के आगामी चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वहां की जनता में ममता बनर्जी के खिलाफ भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच रहा है और महिलाओं की सुरक्षा भी पर्याप्त नहीं है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के पक्ष में माहौल बन चुका है और आगामी चुनाव में वहां परिवर्तन की लहर दिखाई देगी।