May 15, 2026

रायपुर में भाजपा की जनआक्रोश रैली, महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष को घेरा

रायपुर। लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित नहीं होने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को राजधानी रायपुर में जनआक्रोश रैली निकालकर प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में यह रैली बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक पहुंची, जहां सभा का आयोजन किया गया।

रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद रूपकुमारी चौधरी, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, कमलेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान नेताओं ने विपक्ष पर महिला आरक्षण बिल को रोकने का आरोप लगाया। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि यह महिलाओं का आक्रोश है और इंडी महागठबंधन महिला विरोधी है।

27 अप्रैल तक चलेगा भाजपा का अभियान

भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ सहित देशभर में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है।

  • 20 अप्रैल: प्रदेशभर में जन आक्रोश महिला पदयात्रा
  • 23-24 अप्रैल: जन आक्रोश महिला सम्मेलन
  • 26-27 अप्रैल: मंडल स्तर पर पुतला दहन कार्यक्रम

विशेष सत्र में भी नहीं हो सका बिल पारित

महिला आरक्षण विधेयक को पारित कराने के लिए केंद्र सरकार ने संसद का तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाया था, लेकिन आवश्यक बहुमत नहीं मिलने के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो सका।

लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) के तहत पेश इस विधेयक के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि 230 सांसदों ने विरोध किया। इसे पारित करने के लिए 352 मतों की आवश्यकता थी। प्रस्ताव में लोकसभा सीटों को बढ़ाकर 816 करने और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान शामिल था।

भाजपा ने इसे महिला सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण कदम बताते हुए विपक्ष पर हमला बोला है, वहीं आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने के संकेत हैं।