July 23, 2026

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी, नेता के पीए बनकर आरोपी ने ऐंठे 10 हजार रुपए

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को निशाना बनाते हुए खुद को भाजपा के बड़े नेता का पीए बताकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने डीजल भरवाने के नाम पर पैसों की मांग की और झांसे में लेकर 10 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर खुद को भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का निजी सहायक (पीए) बताया। बातचीत के दौरान उसने कहा कि वह परिवार के साथ यात्रा पर है और रास्ते में ड्राइवर से विवाद हो गया है, जिसके कारण तत्काल पैसों की जरूरत है। आरोपी ने डीजल डलवाने के नाम पर पहले 4500 रुपए मांगे।

बताया जा रहा है कि विधायक ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए आरोपी के खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा दिए। करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग की, जिसके बाद विधायक को शक हुआ।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि आरोपी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं, जिससे उस पर आसानी से भरोसा हो गया। आरोपी ने खुद को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताते हुए मदद मांगी थी।

शक होने पर विधायक ने नितिन नवीन के कार्यालय में संपर्क कर जानकारी ली। वहां से पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति कार्यालय में कार्यरत नहीं है। इसके बाद मामले की गंभीरता समझते हुए खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

सेवक नारायण मिश्रा की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान नंबर से कॉल आने पर तुरंत भरोसा न करें। किसी भी आर्थिक लेनदेन से पहले संबंधित व्यक्ति की जानकारी की पुष्टि जरूर करें।

बता दें कि हाल ही में राजधानी रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक भी अपराधियों का शिकार हुए थे। देवेंद्र नगर इलाके में मॉर्निंग वॉक के दौरान उनका आईफोन लूट लिया गया था। हालांकि पुलिस ने आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।