September 4, 2026

रायपुर ब्लू वाटर में डूबे आदिल का अब तक नहीं मिला शव, SDRF-NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

रायपुर। राजधानी से सटे ब्लू वाटर में बुधवार शाम डूबे युवक आदिल का शव शनिवार सुबह तक नहीं मिल पाया है। गुरुवार और शुक्रवार को तलाश के असफल प्रयासों के बाद शनिवार को एक बार फिर SDRF ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। मौके पर NDRF की टीम भी मौजूद है।

जानकारी के मुताबिक, आदिल बुधवार शाम अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में तैरने को लेकर शर्त लगी। शर्त के बाद आदिल पानी में उतरा, लेकिन गहरे पानी में जाने के बाद वापस बाहर नहीं आ सका और डूब गया।

युवक के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंची थीं। लगातार तलाश के बावजूद अब तक शव बरामद नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि ब्लू वाटर में पानी की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को सर्च ऑपरेशन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ब्लू वाटर में पहले भी हो चुकी हैं डूबने की घटनाएं

ब्लू वाटर में इससे पहले भी डूबने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद यहां लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोकने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद खतरनाक हिस्सों में सुरक्षा घेरा बनाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

फिलहाल SDRF और NDRF की टीमें आदिल की तलाश में जुटी हुई हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।