September 4, 2026

Blue Water Lake में दर्दनाक हादसा: दोस्तों से शर्त लगाकर तैरने उतरा युवक गहरे पानी में डूबा, तलाश जारी

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर लेक में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे करीब 24 वर्षीय आदिल खान पानी में तैरकर एक छोर से दूसरे छोर तक जाने की शर्त के दौरान गहरे पानी में डूब गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक को पानी में तैरते हुए देखा जा सकता है।

जानकारी के अनुसार, मौदहापारा निवासी आदिल खान अपने तीन दोस्तों के साथ बुधवार शाम ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच तालाब में तैरकर एक तरफ से दूसरी तरफ जाने को लेकर शर्त लग गई। आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए। दोनों तैरते हुए तालाब के बीच तक पहुंचे, तभी आदिल गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। उसका दोस्त तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया।

वीडियो में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

सामने आए वीडियो में आदिल खान और तौफीक को ब्लू वाटर में तैरते हुए देखा जा सकता है। दोनों तालाब पार करने की कोशिश कर रहे थे। बीच पानी में पहुंचने के बाद आदिल अचानक डूब गया, जबकि तौफीक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।

SDRF की टीम कर रही युवक की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। युवक की तलाश के लिए पुलिस ने SDRF टीम से संपर्क किया। टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रात होने और ब्लू वाटर में पानी काफी गहरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह एक बार फिर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

फिलहाल युवक का कोई पता नहीं चल सका है और SDRF की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है।

डिप्टी CM अरुण साव ने जताई चिंता

ब्लू वाटर लेक में युवाओं के डूबने की लगातार सामने आ रही घटनाओं को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि हर एक जान कीमती है और प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में ब्लू वाटर लेक में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए प्रशासन आवश्यक कदम उठाएगा।