March 5, 2026

Raipur News Update : बोर्ड परीक्षाओं के लिए हेल्पलाइन सेवा शुरू, छात्रों और अभिभावकों को मिलेगा मार्गदर्शन और मानसिक सहारा

रायपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड की हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी व्यावसायिक परीक्षाओं में शामिल विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान और सुचारु परीक्षा आयोजन के लिए परीक्षा प्रारंभ होने से पहले ही हेल्पलाइन सेवा शुरू कर दी गई है।

विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक सभी इस हेल्पलाइन से परीक्षा से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क कर सकते हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 1800-233-4363 पर सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक सहायता प्राप्त की जा सकती है।

हेल्पलाइन में प्रतिदिन मनोचिकित्सक, मनोवैज्ञानिक, शैक्षिक अभिप्रेरक और मण्डल के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जो परीक्षा तनाव, मार्गदर्शन और अन्य शैक्षणिक समस्याओं का समाधान करेंगे। यह सेवा रविवार को भी कार्यालयीन समय में उपलब्ध रहेगी।

माशिमं ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा से संबंधित किसी भी समस्या या तनाव की स्थिति में हेल्पलाइन का लाभ अवश्य उठाएं, ताकि परीक्षाएं तनावमुक्त माहौल में संपन्न हो सकें।