March 5, 2026

रायपुर सेंट्रल जेल में कैदी और प्रेमिका का वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

रायपुर।
रायपुर सेंट्रल जेल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने जेल प्रशासन की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में जेल में बंद एक कैदी अपनी प्रेमिका के साथ मुलाकात कक्ष में वीडियो बनवाते हुए नजर आ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, कैदी के जन्मदिन के अवसर पर उसकी प्रेमिका उससे मिलने रायपुर सेंट्रल जेल पहुंची थी। मुलाकात के दौरान युवती ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में युवती कहती सुनाई देती है—
“आज मेरी जान का जन्मदिन है और मैं उससे मिलने के लिए सेंट्रल जेल आई हूं। तकलीफ तो बहुत होती है कि वो आज मेरे पास नहीं है, लेकिन मिलने जरूर आई हूं। उसका रिएक्शन देखती हूं कैसा है।”

वीडियो में बैकग्राउंड में फिल्म ‘खुदा गवाह’ का गाना ‘तू ना जा मेरे बादशाह’ भी एडिट कर लगाया गया है।

मोबाइल कैसे पहुंचा मुलाकात कक्ष तक?

बताया जा रहा है कि जेल के मुलाकात कक्ष में मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद युवती मोबाइल लेकर अंदर कैसे पहुंची, यह बड़ा सवाल बन गया है।
क्या प्रवेश के समय सुरक्षा जांच में लापरवाही हुई या फिर जेल की निगरानी प्रणाली में कोई गंभीर चूक रही—इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

यह पहला मामला नहीं है जब रायपुर सेंट्रल जेल से कैदियों का वीडियो वायरल हुआ हो। इससे पहले भी जेल के भीतर कसरत करते कैदी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ चुका है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे।

प्रशासन की ओर से अब तक चुप्पी

फिलहाल इस पूरे मामले में जेल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।