September 4, 2026

सोशल मीडिया पर नेताओं-अफसरों और जनता पर आपत्तिजनक पोस्ट, ‘CG मोटू-पतलू’ के दो अकाउंट पर FIR; जल्द गिरफ्तारी का दावा

रायपुर। सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़ की जनता, नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी और गलत जानकारी पोस्ट करने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस ने ‘CG मोटू-पतलू’ नाम से संचालित दो सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नामक अकाउंट से कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट किए जा रहे थे। आरोप है कि इन पोस्ट में अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। साथ ही पक्ष और विपक्ष के नेताओं के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों और आम लोगों को लेकर भी कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।

BNS और IT Act के तहत FIR

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ BNS की धारा 296 और IT Act की धारा 67 के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की तकनीकी जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

साइबर सेल की तकनीकी टीम कर रही जांच

सेंट्रल जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ‘मोटू-पतलू’ के नाम से पेज बनाए गए हैं। इन पेजों के माध्यम से सरकार, प्रशासनिक अधिकारियों और आम जनता के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणियां की जा रही थीं।

शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की गई और अपराध दर्ज किया गया है। डीसीपी के मुताबिक, साइबर सेल की तकनीकी टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।