रायपुर। राजधानी रायपुर में महिला अधिकारी के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। जेल रोड से पेंशनबाड़ा के बीच ई-रिक्शा में सफर के दौरान महिला अधिकारी के गले से सोने की चेन चोरी हो गई। घटना के तीन दिन बाद कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की पहचान जनता कॉलोनी गुढ़ियारी निवासी मंजूलता साहू के रूप में हुई है। वह राज्य परिवहन कार्यालय समग्र शिक्षा, रायपुर में सहायक संचालक के पद पर कार्यरत हैं।
बारिश से बचने ई-रिक्शा में बैठी थीं अधिकारी
जानकारी के मुताबिक घटना 18 अगस्त की सुबह करीब 10:15 बजे की है। मंजूलता साहू दोपहिया वाहन से पेंशनबाड़ा स्थित बोर्ड ऑफिस जाने के लिए निकली थीं। रास्ते में तेज बारिश शुरू होने के बाद उन्होंने अपना दोपहिया वाहन छोड़कर ई-रिक्शा में सफर करने का फैसला किया।
ई-रिक्शा खालसा स्कूल होते हुए आम्बेडकर चौक पहुंचा, जहां करीब छह महिलाएं उसमें सवार हुईं। जगह कम होने के कारण ई-रिक्शा में महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
उतरने के बाद पता चला चेन गायब है
मंजूलता साहू पेंशनबाड़ा में हमर क्लिनिक के पास ई-रिक्शा से उतर गईं। इसके बाद जब उन्होंने अपने गले पर ध्यान दिया तो सोने की चेन गायब मिली।
महिला अधिकारी ने घटना की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब ई-रिक्शा के पूरे रूट और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी में है। साथ ही घटना के समय ई-रिक्शा में सवार महिलाओं और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि भीड़ के बीच किस तरह महिला के गले से चेन निकाली गई और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे।





