May 15, 2026

रायपुर में लग्जरी कार से चेन स्नैचिंग करने वाला महिला गैंग गिरफ्तार, कई राज्यों में फैला था नेटवर्क

रायपुर। राजधानी रायपुर में लग्जरी वाहन से घूम-घूमकर चेन स्नैचिंग करने वाले शातिर महिलाओं के एक अंतरराज्यीय गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह गैंग छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की जा रही कार के ड्राइवर को भी हिरासत में लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में संध्या सकटे, सोनिया हातागले, साखराबाई, ज्योति सकटे, सरिता ज्वरे, सपना हातागले और अभय हातागले शामिल हैं, जो इंदौर के राजेंद्रनगर क्षेत्र के निवासी हैं। वहीं उज्वाला हातागले जलगांव की रहने वाली है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं।

यह गिरोह छत्तीसगढ़ के अलावा गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र के भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग करता था। वारदात के बाद आरोपी सोने की चेन को जलगांव के सराफा बाजार में बेच देते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की एक चेन, करीब 10,500 रुपये नकद, कटर, चार मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई इनोवा एसयूवी (MP-09-BP-1064) जब्त की है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब डीडी नगर थाने में 8 अप्रैल को चंगोराभाठा बाजार में एक महिला के गले से चेन लूट की शिकायत दर्ज कराई गई। इसके अलावा रायपुरा बाजार और गोलबाजार क्षेत्र में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई थीं।

रायपुर डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद 15 सदस्यीय ट्रैप टीम का गठन किया गया था, जिसने इस गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की। पूछताछ में आरोपियों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है।

पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच में जुटी हुई है।