रायपुर। राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चंदनडीह इलाके में थार वाहन में सवार तीन बदमाशों ने एक कारोबारी से मारपीट कर उसके बैग से 1 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, पंडरी के ताज नगर मस्जिद के पास रहने वाले 40 वर्षीय जफर इकबाल होम डेकोर का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 अप्रैल 2026 को वे अपनी मोटरसाइकिल से टाटीबंध से कुम्हारी की ओर जा रहे थे। उनके पास एक बैग में 1.50 लाख रुपये रखे हुए थे, जिसे वे अपने एक परिचित को देने जा रहे थे।
दोपहर करीब 3 बजे चंदनडीह के पास जाम के कारण वे नीचे मार्ग पर आ गए और दुर्गा मंच के पास रुके। इसी दौरान काले रंग की थार (CG-07-CS-7739) में सवार तीन युवक वहां पहुंचे। एक आरोपी वाहन से उतरकर उनके बैग को छीनने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने कारोबारी के साथ मारपीट की और बैग लेकर भागने लगे।
पीड़ित ने बताया कि छीना-झपटी के दौरान आरोपियों ने बैग में से कुछ रकम गाड़ी में डालने के बाद रास्ते में फेंक दिया, जिससे 50 हजार रुपये बच गए, जबकि 1 लाख रुपये आरोपी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने आरोपियों का पीछा किया, लेकिन वे परसदा रोड स्थित कैवल्य धाम मंदिर के पास पहुंचकर फरार हो गए।
इस घटना में जफर इकबाल के दाहिने हाथ की कलाई और सीने में चोट आई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एडिशनल डीसीपी (रायपुर पश्चिम जोन) राहुल देव ने बताया कि कारोबारी किसी को पैसे देने जा रहा था, तभी थार सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश शुरू कर दी है।





