July 30, 2026

Raipur Breaking: दुष्कर्म मामले में बंद ‘चावल वाले बाबा’ नरेंद्र नयन शास्त्री को रायपुर लाया गया, इलाज के लिए मेकाहारा भेजे जाने की तैयारी

रायपुर। दुष्कर्म के गंभीर आरोप में महासमुंद सेंट्रल जेल में बंद कथावाचक और ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री, जिन्हें लोग ‘चावल वाले बाबा’ के नाम से जानते हैं, को गोपनीय तरीके से रायपुर लाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें सूमो वाहन से रायपुर केंद्रीय जेल पहुंचाया गया, जहां से आगे चिकित्सा परीक्षण के लिए उन्हें मेकाहारा अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी बाबा को महासमुंद जेल से सूमो वाहन (CG 02 5072) में रायपुर लाया गया, जबकि उनके साथ एक फॉलो वाहन (CG 03 A 0715) भी मौजूद था। रायपुर जेल में कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद उन्हें उपचार के लिए मेकाहारा भेजा जाएगा, जहां उनकी स्वास्थ्य जांच और सोनोग्राफी कराई जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, जेल में रहने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियातन उन्हें रायपुर शिफ्ट किया है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और सभी प्रक्रिया गोपनीय तरीके से की जा रही है।

गौरतलब है कि महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में एक महिला ने नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं 376(2)(ज), 376(2)(एन) और 376(2)(एम) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र से गिरफ्तार किया था।

बताया जाता है कि आरोपी बाबा की क्षेत्र में एक अलग पहचान थी और वे ‘चावल देखकर भविष्य बताने’ के दावे के चलते काफी लोकप्रिय रहे हैं। उनके आश्रमों और कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते थे।

फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें पुनः जेल भेजे जाने की संभावना है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।