March 4, 2026

रायपुर : छत्तीसगढ़ की 4 सेंट्रल जेलों को मिला आईएसओ गुणवत्ता प्रमाणन, जेल व्यवस्था में ऐतिहासिक उपलब्धि

रायपुर, 12 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ की जेल व्यवस्थाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार को बड़ी सफलता मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं जेल विभाग के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देशन में किए जा रहे सुधारात्मक प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश की चार केंद्रीय जेलों – रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और अंबिकापुर को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानक ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ है।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की पहल पर जेलों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। निर्धारित मापदंडों पर सफल मूल्यांकन के बाद इन जेलों को यह प्रमाणन मिला है। इससे जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी।

आईएसओ प्रमाणन मिलने से कार्य प्रक्रियाओं में एकरूपता, बंदी कल्याण एवं मानवाधिकार संरक्षण, जोखिम प्रबंधन, प्रशासनिक जवाबदेही और जनविश्वास में वृद्धि को बल मिलेगा। यह पहल जेलों को केवल निरुद्ध केंद्र नहीं, बल्कि सुधार एवं पुनर्वास केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

राज्य सरकार का उद्देश्य है कि जेलों में बंदियों के पुनर्वास, कौशल विकास और मानवीय वातावरण को बढ़ावा दिया जाए ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। आईएसओ प्रमाणन से छत्तीसगढ़ की सुधारात्मक न्याय प्रणाली को नई मजबूती मिली है।