रायपुर।
छत्तीसगढ़ प्रिंटर्स एसोसिएशन (CPA) ने राज्य की पहली इंटरनेशनल प्रिंटिंग कॉन्फ्रेंस 2026 आयोजित करने की घोषणा की है। यह छत्तीसगढ़ का पहला अंतरराष्ट्रीय प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग सम्मेलन होगा, जिसमें भारत और विदेशों से उद्योग विशेषज्ञ, उद्यमी, तकनीकी विशेषज्ञ, निर्माता, शिक्षाविद और युवा प्रोफेशनल्स भाग लेंगे।
भविष्य की तकनीकों पर होगी चर्चा
कॉन्फ्रेंस की थीम “प्रिंटिंग और पैकेजिंग इंडस्ट्री में भविष्य के अवसर” रखी गई है। आयोजन में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑटोमेशन, स्मार्ट पैकेजिंग, सस्टेनेबिलिटी और उभरते बिजनेस अवसरों जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।
नेटवर्किंग और बिजनेस के नए अवसर
सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के की-नोट सेशन, भविष्य की तकनीकों पर पैनल चर्चा, इंडस्ट्री लीडर्स के साथ नेटवर्किंग, बिजनेस पार्टनरशिप के अवसर और अत्याधुनिक प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग समाधानों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। MSME विकास, उद्यमिता और स्किल डेवलपमेंट पर भी विशेष फोकस रहेगा।
नवाचार और सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
छत्तीसगढ़ प्रिंटर्स एसोसिएशन के अनुसार, सम्मेलन का उद्देश्य प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग में नवाचार को बढ़ावा देना, आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए उद्योग को प्रेरित करना और व्यवसायों के बीच सहयोग को मजबूत करना है। एसोसिएशन ने देश-विदेश के उद्योग विशेषज्ञों, टेक्नोलॉजी पार्टनर्स, एग्ज़िबिटर्स और स्पॉन्सर्स को इस आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया है।





