March 3, 2026

रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना का उद्घाटन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वच्छ और हरित ऊर्जा की दिशा में बढ़ाया कदम

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) रसोई गैस पाइपलाइन सुविधा की भी शुरुआत हुई।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की पहली महिला उपभोक्ता पूनम चौबे से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की। पूनम ने सुविधा के लिए आभार जताया और कहा कि अब उन्हें गैस सिलेंडर की झंझट से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस सुविधा को लोगों के जीवन को आसान बनाने वाला बताया।

रायपुर, गरियाबंद और बलौदाबाजार जिलों में सिटी गैस अवसंरचना का उद्घाटन किया गया। सीएम ने कहा कि घरेलू, वाहन और उद्योग क्षेत्रों में सीएनजी और पीएनजी गैस का उपयोग बढ़ेगा। यह ईंधन सस्ता, सुरक्षित और सुलभ है, जिससे प्रदूषण में कमी और खर्च में बचत होगी।

मुख्यमंत्री ने यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्रीन एनर्जी विजन को आगे बढ़ाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पहली महिला लाभार्थी के घर पीएनजी पाइपलाइन पहुँच गई है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए भी घोषणा की कि होली से पहले उनके खातों में 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की जाएगी।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने आत्मसमर्पित नक्सलियों के विधानसभा आने का उल्लेख किया और कहा कि पुनर्वास नीति के तहत माओवादी मुख्यधारा में लौट रहे हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने के लिए विधानसभा की कार्रवाई देख रहे हैं।