March 5, 2026

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 8 नए साइबर थानों और 255 करोड़ रुपए की पुलिस इमारतों का लोकार्पण किया

रायपुर, 28 जनवरी 2026:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से वर्चुअली जुड़कर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 8 नए साइबर थानों और 255 करोड़ रुपए की लागत से तैयार पुलिस आवासीय एवं थाना भवनों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये निर्माण कार्य पुलिस विभाग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि साइबर थाने, एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल और आवासीय भवन अत्यंत सुंदर और सुविधाजनक बनाए गए हैं, जो अधिकारियों और कर्मचारियों को सकारात्मक वातावरण में कार्य करने की प्रेरणा देंगे।

उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि प्रदेश में साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए 8 नए साइबर थानों का शुभारंभ किया गया है। इससे पहले पांच जिलों में साइबर थाने संचालित हैं। भविष्य में आवश्यकता अनुसार अन्य जिलों में भी साइबर थाने स्थापित किए जाएंगे।

इस अवसर पर मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के पवन देव, एडीजी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

लोकार्पण किए गए प्रमुख भवन एवं सुविधाएँ:

  • बालोद, महासमुंद, धमतरी, रायपुर, बस्तर, बीजापुर, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर, दुर्ग, बेमेतरा, राजनांदगांव, सूरजपुर, कोरिया में पुलिस भवन और आवासीय भवन
  • 36 अराजपत्रित और 48 प्रधान आरक्षक आवासगृह
  • ट्रांजिट हॉस्टल, एस.डी.ओ.पी. कार्यालय, एस.आई.बी. फिल्ड यूनिट

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेगी और अधिकारियों तथा कर्मचारियों को बेहतर कार्य और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।