May 18, 2026

पश्चिम एशिया संकट के बीच सीएम साय की हाईलेवल बैठक, बोले– प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं

रायपुर। पश्चिम एशिया में जारी संकट के मद्देनजर छत्तीसगढ़ सरकार अलर्ट मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों और पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक की।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल या गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की अफवाहों पर तत्काल रोक लगाई जाए और आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान वैश्विक हालात को देखते हुए सतर्क रहना जरूरी है, लेकिन प्रदेश में आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। आम जनता को किसी भी प्रकार की घबराहट में आने की आवश्यकता नहीं है।

बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार, ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव, खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, उद्योग सचिव रजत कुमार सहित आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के पेट्रोलियम एवं गैस डिवीजन के अधिकारी भी मौजूद रहे।

वहीं नक्सलवाद के मुद्दे पर मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नक्सलमुक्त भारत का संकल्प अब पूर्ण होने की ओर है और यह देश के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा। उन्होंने बताया कि इस विषय पर 30 मार्च को लोकसभा में विस्तृत चर्चा होगी, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह देश को स्थिति की जानकारी देंगे।

सरकार ने साफ किया है कि प्रदेश में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने और जनता में भरोसा कायम रखने के लिए लगातार निगरानी और समन्वय जारी रहेगा।