March 4, 2026

रायपुर: सुंदर, समृद्ध और सुरक्षित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए संकल्पित हमारी सरकार – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर | 12 फरवरी 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध और धन-धान्य से पुष्पित-पल्लवित छत्तीसगढ़ को सुंदर, समृद्ध, सुरक्षित और विकसित बनाने के लिए राज्य सरकार संकल्पित होकर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह बात अपने निवास कार्यालय में सिक्किम से अध्ययन भ्रमण पर आए पत्रकारों के दल से आत्मीय संवाद के दौरान कही।

मुख्यमंत्री ने अतिथियों का राजकीय गमछा भेंट कर स्वागत किया। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के आतिथ्य की सराहना करते हुए उन्हें सिक्किम आने का निमंत्रण भी दिया।

वन, जनजातीय सशक्तिकरण और वनोपज पर फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ का 44 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित है और यहां 31 प्रतिशत जनसंख्या आदिवासी समुदाय की है। वनोपज संग्रहण और मूल्य संवर्धन से जनजातीय समुदाय आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा भुगतान किया जा रहा है तथा चरण पादुका योजना के तहत निःशुल्क चप्पल वितरण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को मिली पहचान

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2005 में शुरू की गई मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत हाल ही में छह हजार से अधिक जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिला। योजना के तहत 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और 15 हजार रुपये की सामग्री सहयोग प्रदान किया जाता है।

नक्सल पुनर्वास नीति और विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद अंतिम चरण में है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को 50 हजार रुपये की सहायता और तीन वर्षों तक 10 हजार रुपये मासिक भत्ता दिया जा रहा है। अब तक 2,500 से अधिक नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। ‘बस्तर पंडुम’ कैफे इसका उदाहरण है, जहां पूर्व नक्सली सफल संचालन कर रहे हैं।

‘नियद नेल्ला नार’ योजना के तहत 17 शासकीय योजनाएं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाई गई हैं, जिससे सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं का विस्तार हुआ है।

औद्योगिक और पर्यटन विकास

मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में 100 एकड़ में मेडिसिटी का निर्माण हो रहा है। नई औद्योगिक नीति के तहत राज्य को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। चित्रोत्पला फिल्म सिटी की स्थापना से फिल्म उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा।

पर्यटन के क्षेत्र में चित्रकोट जलप्रपात, कुटुम्बसर गुफाएं और अबूझमाड़ जैसे स्थलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु होम स्टे को उद्योग का दर्जा दिया गया है।

छत्तीसगढ़ ने भारतीय होने का गर्व कराया” – अर्चना प्रधान

सिक्किम की पत्रकार सुश्री अर्चना प्रधान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ‘मेक इन इंडिया’ का प्रभावी स्वरूप देखने को मिला। भिलाई स्टील प्लांट और अन्य औद्योगिक इकाइयों का दौरा उनके लिए प्रेरणादायक रहा।

पत्रकारों ने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और लोगों के आत्मीय व्यवहार की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, किसान हितैषी योजनाओं और पुनर्वास नीति को सराहनीय बताया।

मुख्यमंत्री को भेंट की ‘थांका’ पेंटिंग

पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को सिक्किम की पारंपरिक ‘थांका’ पेंटिंग भेंट की। मुख्यमंत्री ने इसे सांस्कृतिक आदान-प्रदान का प्रतीक बताते हुए आभार व्यक्त किया।