May 14, 2026

रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर दौरे पर, CGPSC परीक्षा में बदलाव सहित कई अहम खबरें

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 3:20 बजे रायपुर से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। यहां वे ऑल इंडिया वुमेन हॉकी टूर्नामेंट में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मैच का अवलोकन करेंगे और खिलाड़ियों से मुलाकात भी कर सकते हैं। शाम करीब 5 बजे उनका रायपुर लौटने का कार्यक्रम है।

CGPSC मेंस परीक्षा की नई तिथियां जारी
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा-2025 की समय-सारिणी में बदलाव किया है। पहले यह परीक्षा 16 से 19 मई 2026 के बीच प्रस्तावित थी, जिसे अब संशोधित कर 06 से 09 जून 2026 कर दिया गया है। परीक्षा अम्बिकापुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर और रायपुर में आयोजित होगी। एडमिट कार्ड परीक्षा से 10 दिन पहले आयोग की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।

सुशासन तिहार 2026 में त्वरित समाधान
सुशासन तिहार 2026 के तहत शिविरों में आम जनता की समस्याओं का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। कूंरा नगर पंचायत में 196 में से 136 आवेदन और अभनपुर के कठिया में 779 में से 588 आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविरों में आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, बीज वितरण और जॉब कार्ड जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का दिल्ली दौरा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे। इससे पहले वे बेमेतरा में आयोजित बोरे बासी दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां श्रमिकों का सम्मान किया गया। उन्होंने बोरे बासी को छत्तीसगढ़ की पारंपरिक पहचान और स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया।

बिलासपुर जोन में 18 ट्रेनें रद्द
गोंदिया रेलवे स्टेशन पर इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड कार्य के कारण 3 से 22 मई तक 18 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। टाटानगर–इतवारी और रायपुर–इतवारी पैसेंजर समेत कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। कुछ ट्रेनों को डायवर्ट और शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

रायपुर कला केंद्र में समर कैंप शुरू
रायपुर कला केंद्र में 15 दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ हुआ। पहले दिन 135 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। कैंप में गायन, नृत्य, पेंटिंग, क्ले आर्ट, ताइक्वांडो सहित विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसे तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है।