रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित न्यूज 24 MP-CG और लल्लूराम डॉट कॉम के दफ्तर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने न्यूज 24 चैनल के 5 वर्ष पूरे होने पर संस्थान को शुभकामनाएं दीं और पत्रकारों से मुलाकात की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक पुस्तक का विमोचन भी किया।
मीडिया संस्थान में हुआ भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री के आगमन पर संस्थान परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन नमित जैन ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। वहीं एडिटोरियल डायरेक्टर मनोज सिंह बघेल ने भी उनका अभिनंदन किया।
इसके अलावा डायरेक्टर अमित जैन, सलाहकार संपादक संदीप अखिल दुबे, रेजिडेंट एडिटर आशीष तिवारी और राजनीतिक संपादक डॉ. वैभव शिव पांडे सहित अन्य वरिष्ठ पत्रकारों ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
पुस्तक विमोचन और कार्यक्रम का आयोजन
इस अवसर पर न्यूज 24 MP-CG चैनल के 5 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कॉफी टेबल बुक “द बिजनेस लीडर विथ संदीप अखिल” का विमोचन किया। कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, विधायक पुरंदर मिश्रा और छत्तीसगढ़ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव भी शामिल हुए। सभी अतिथियों ने मीडिया संस्थान के कार्यों की सराहना की।
अंबेडकर जयंती और समरसता भोज पर बयान
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने न्यूज 24 MP-CG से विशेष बातचीत में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के बताए मार्गों पर चलकर ही समाज और देश का विकास संभव है तथा भारत का संविधान उनके विचारों की नींव पर आधारित है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रदेशभर में समरसता भोज जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे सामाजिक एकता और सद्भाव को बढ़ावा मिलता है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भी रखी राय

16 अप्रैल को संसद में होने वाली ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर चर्चा को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण से माताओं और बहनों को निर्णायक भूमिका मिलेगी, जिससे लोकतंत्र और मजबूत होगा।





