July 23, 2026

रायपुर के कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा जांच, 4 संस्थानों में मिली गंभीर खामियां

रायपुर। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक इमारत में लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत के बाद छत्तीसगढ़ में भी सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में रायपुर नगर निगम, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच शुरू की है।

रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में 23 और 24 जून को दो दिवसीय विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के सात प्रमुख कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा उपकरण, फायर एनओसी, वेंटिलेशन, विद्युत सुरक्षा, सीढ़ियों की स्थिति, भवन क्षमता और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

जांच में अनअकादमी, विद्यापीठ और एलन कोचिंग संस्थानों में अधिकांश आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। हालांकि कुछ मामलों में वेंटिलेशन और क्षमता अनुरूप संचालन को लेकर सुधारात्मक सुझाव दिए गए हैं।

वहीं अकादजा, आरसीसी अकादमी, आभा लाइब्रेरी और टुटेजा अकादमी में सुरक्षा मानकों से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आईं। इन संस्थानों में फायर एनओसी, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास, पर्याप्त वेंटिलेशन और विद्युत सुरक्षा सहित कई आवश्यक व्यवस्थाओं का अभाव पाया गया।

अग्निशमन विभाग ने इन कमियों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किया है। संस्थानों को सात दिनों के भीतर सभी आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा संबंधित जोन अधिकारियों को भवन अनुमति, बीसीसी, स्वीकृत क्षमता, पार्किंग व्यवस्था और अन्य वैधानिक प्रावधानों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्धारित समयावधि पूरी होने के बाद संबंधित संस्थानों का पुनः निरीक्षण किया जाएगा। यदि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।