May 18, 2026

रायपुर में अनोखा नशा तस्करी तरीका: BP मशीन में छिपाकर मंगाई कोकीन, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर: राजधानी में नशे के कारोबार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तस्कर ने कोकीन छिपाने के लिए बीपी मशीन का इस्तेमाल किया। पुलिस ने शंकर नगर निवासी गोपाल कृष्ण अग्रवाल को कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी दूसरे राज्यों से कोकीन कोरियर के जरिए मंगाकर रायपुर में सप्लाई करता था। इस बार उसने मादक पदार्थ को बीपी (ब्लड प्रेशर) मशीन के अंदर छिपाकर मंगवाया था, ताकि जांच एजेंसियों से बच सके।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
19 मार्च को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्र में नारायणा हॉस्पिटल सेक्टर-5 के पास एक व्यक्ति कार में कोकीन लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है।

सूचना के बाद पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और देवेन्द्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

कार से मिला कोकीन भरा पैकेट
पुलिस ने संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान श्री मारूती फर्म के जरिए भेजा गया एक कोरियर पैकेट बरामद हुआ। जांच करने पर उसमें बीपी मशीन के अंदर कोकीन छिपाकर रखी गई थी।

20 लाख से ज्यादा का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.55 ग्राम कोकीन (कीमत लगभग 2,27,500 रुपए), एक ग्रैंड विटारा कार, एक आईफोन समेत कुल लगभग 20,27,500 रुपए का सामान जब्त किया है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
देवेन्द्र नगर थाना में आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 22बी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस नेटवर्क के अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

साथ ही कोरियर कंपनी की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।